बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव अपनी पत्नी राबड़ी देवी व अन्य परिवारीजनों के साथ शगुन लेकर रविवार दोपहर दो बजे सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के राजधानी स्थित आवास पर पहुंचे। इस कार्यक्रम में परिवार के लोग ही मौजूद हैं।
लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और उनके परिवारजनों की अगुवानी करने मुलायम के साथ राम गोपाल, शिवपाल सिंह, धमेन्द्र सिंह सहित दूसरे लोग एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर जब लालू से पूछा गया कि आप शगुन लेकर आए हैं तो लालू ने जवाब दिया मैं दिल और संबंध लेकर आया हूं। शादी के सवाल पर बोले जब पंडित जी मुहूर्त निकालेंगे तभी शादी होगी।
इधर मुलायम सिंह ने एक समारोह में मीडिया पर कटाक्ष कसते हुए कहा कि हमारे घर में शादी हो रही है तो आप खबर बना रहे हैं, हमारा तो लालू से रिश्ता बहुत पुराना है। मुलायम सिंह यादव के घर शगुन लेकर गए लालू यादव ने कहा कि हमने अपनी सबसे छोटी बेटी राजलक्ष्मी की शादी तेजप्रताप से तय की है। नेताजी की इच्छा के अनुसार 16 दिसंबर को दिल्ली में गुप्ता जी के फॉर्म हाउस पर सगाई होगी।
हमारी फूट का मोदी ने उठाया फायदाः लालू
लालू प्रसाद यादव ने बताया कि तिलक नेताजी की इच्छा के अनुसार सैफई में होगा। शादी कहां होगी ये भी नेताजी ही तय करेंगे। लालू प्रसाद यादव ने ये भी स्वीकारा कि हमारे सामाजिक रिश्ते के साथ ही राजनीतिक रिश्तों में भी मजबूती आएगी। इस रिश्ते से बहुत अच्छा संदेश गया है।
हमारे सभी पुराने दल इस शादी के बहाने एकजुट होंगे। नेताजी सभी की अगुवाई करेंगे। जो हमारा साथ छोड़कर चले गए थे हम उन्हे भी जोड़ने की कोशिश करेंगे।
मोदी पर निशाना साधते हुए लालू बोले हमारे बीच पड़ी फूट का मोदी ने फायदा उठाया है। अब हम भी एकजुट होने में किसी तरह का अहम बीच में नहीं लाएंगे। नेताजी ने कहा कि ये हमारे परिवार के लिए एक बड़ा मौका है। इस मौके पर मैं राजनीति की कोई बात नहीं करना चाहता। हमारा रिश्ता पहले से मजबूत हो रहा है। इस मौके पर जानकारी दी गई कि हम 22 दिसंबर को जंतर-मंतर पर मोदी की वादाखिलाफी के विरोध में प्रदर्शन करेंगे।
तीसरी पीढ़ी के नेता है तेजप्रताप
खुद तेज प्रताप ने संसद भवन के बाहर चेहरे पर मुस्कराहट के साथ राजलक्ष्मी से शादी तय हो जाने पर मुहर लगाई थी। हालांकि उन्होंने कहा कि इस शादी को राजनीति से न जोड़ा जाए।
तेज प्रताप ने मुलायम परिवार की तीसरी पीढ़ी के सदस्य के रूप में राजनीति में एंट्री की है। 27 साल के तेज प्रताप, मुलायम के बड़े भाई स्वर्गीय रतन सिंह के पौत्र और स्वर्गीय रणबीर सिंह के पुत्र हैं।
वे अपने दादा मुलायम की परंपरागत मैनपुरी सीट पर उपचुनाव जीतकर पहली बार सांसद बने हैं। एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से बीकॉम आनर्स और इंग्लैड की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमएसएसी मैनेजमेंट की डिग्री लेने वाले तेज प्रताप ने 2011 में सैफई से ब्लॉक प्रमुख के रूप में राजनीति में एंट्री की थी।
गौरतलब है कि मुलायम के पौत्र तेज प्रताप सिंह की शादी लालू की छोटी
बेटी राजलक्ष्मी से तय हुई है। इसी का शगुन लेकर लालू यहां आ रहे हैं। तेज
प्रताप और राजलक्ष्मी की सगाई 16 दिसंबर को दिल्ली में होने की संभावना है।
शादी
फरवरी में हो सकती है। मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजप्रताप उर्फ तेजू
यादव और लालू प्रसाद यादव की पुत्री के विवाह से दो बड़े राजनीतिक परिवार
रिश्तों की डोर से ही नहीं बंधेंगे बल्कि इससे देश की सियासत में एक मजबूत
राजनीतिक गठजोड़ भी आकार ले लेगा।