ललित कला अकादमी में तैयार हुई गैलरी, जो मार्च में शुरू होगी।
लखनऊ। मरम्मत और सौंदर्यीकरण के चलते लंबे समय से बंद दो वीथिकाएं मार्च से कलाकारों के लिए खुल जाएंगी। राज्य ललित कला अकादमी बारादरी की बंद चल रही वीथिका में प्रदर्शनी के लिए एक मार्च से बुकिंग भी शुरू हो जाएगी तो संगीत नाटक अकादमी का संत गाडगे प्रेक्षागृह आयोजन के लिए खुल जाएगा। मरम्मत के चलते प्रेक्षागृह लंबे समय से बंद था। वहीं, ललित कला अकादमी की कला वीथिका करीब 5 साल से सौंदर्यीकरण के चलते बंद थी। राज्य ललित कला अकादमी के सचिव डॉ. यशवंत सिंह राठौर ने बृहस्पतिवार को बताया कि दोनों वीथिका बनकर तैयार हो चुकी हैं। हर एक की क्षमता लगभग 70 प्रदर्श की है। इनका किराया अभी तय होना है, इसको लेकर बैठक होनी है। संभवतया, 4 दिन का किराया तीन से चार हजार के बीच हो सकता है।
मार्च से हो सकेगी संत गाडगे प्रेक्षागृह की बुकिंग
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सचिव तरुण राज ने बताया कार्यदायी संस्था की ओर से प्रेक्षागृह का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। लाइट, साउंड, ग्रीन रूम के काम के अलावा फॉल्स सीलिंग आदि कार्य हुए हैं। कार्यदायी संस्था से हैंडओवर होते ही फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च से यहां बुकिंग शुरू हो जाएगी। उधर, अगस्त 2020 से मरम्मम कार्य के लिए बंद चल रहे राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में अभी आयोजनों को समय लग सकता है। कार्यदायी संस्था को अभी यहां काफी काम करना बाकी है।