लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार की सीता विहार कॉलोनी में चोरों ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर व एक अन्य घर को निशाना बनाते हुए दो लाख की नकदी समेत लाखों के जेवर व अन्य सामान पार कर दिया। घटना के समय दोनों मकान मालिक परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि गोरखपुर निवासी ब्रजेंद्र कुमार राय का सीता विहार कॉलोनी में घर है। ब्रजेंद्र ने बताया कि घर में गोहना कला में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के पद पर तैनात उनकी भतीजी शिवानी राय रहती हैं। वह भी घर आते-जाते हैं। कुछ दिन पहले उनके कैंसर पीड़ित साले का निधन हो गया था। पूरा परिवार 20 अक्तूबर के पहले गोरखपुर चला गया था। 22 अक्तूबर को जब शिवानी वापस लौटीं, तो उन्होंने देखा कि मकान का मेन गेट खुला हुआ है। घर के अंदर सभी कमरों के ताले टूटे थे। सारा सामान बिखरा था। चोर अलमारी और लॉकर तोड़कर करीब 1.90 लाख रुपये नकद, आठ तोले के जेवर, स्मार्ट वॉच और अन्य कीमती घड़ियां लेकर फरार हो गए। चोरों ने घर में लगा सीसीटीवी कैमरा और वाई-फाई राउटर भी तोड़ दिया था।
वहीं सीता विहार कॉलोनी के श्रवण कुमार सिंह अपने परिवार के साथ 19 अक्तूबर को अपने मूल निवास ग्राम बहुचरा, प्रतापगढ़ त्योहार मनाने गए थे। 21 अक्तूबर की मध्यरात्रि चोरों ने उनके घर का मुख्य ताला और लॉकर तोड़कर घर के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब पांच हजार नकद चोरी कर लिए। 22 अक्तूबर की सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसी अजीत वर्मा ने फोन कर उन्हें इसकी सूचना दी। इंस्पेक्टर जानकीपुरम ने बताया कि आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।