तालकटोरा। राजाजीपुरम के सी ब्लॉक निवासी मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के बंद घर से चोरों ने लाखों के गहने और हजारों की नकदी पार कर दी।
घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे का दरवाजा खुला देखकर पड़ोसी ने बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। बताया गया कि मकान के भूतल के तीन और ऊपरी मंजिल के दो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी कटर से काट दी।
हापुड़ में सीडीओ के पद पर कार्यरत हिमांशु गौतम ने बताया कि दिवाली के बाद भाई और मां हापुड़ आ गए थे, तब से मकान बंद था। अलमारी में रखे मां के पुराने गहने व लगभग 50 हजार रुपये चोरी हो गए। चोर पानी की टोंटी, गीजर, गैस भरा सिलिंडर, एलईडी टीवी, माइक्रोवेव और बर्तन भी चुरा ले गए।
इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।