लखनऊ। निगोहां थानाक्षेत्र के अलग-अलग गांवों में अवैध शराब बेचने के आरोप में जेल जाने वाली महिलाएं अब स्वावलंबी होने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। निगोहां थाने की दो महिला आरक्षी शिखा शर्मा और दीप्ति मिश्रा इन महिलाओं की जिंदगी में उजाला भरने की कोशिश में जुटी हैं।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को शिखा शर्मा व दीप्ति मिश्रा ने उन महिलाओं के गांव जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें स्वावलंबन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इन महिलाओं को स्वयं सहायता समूह की सदस्य बनकर परिवार का जीविकोपार्जन करने के लिए उन्होंने प्रेरित किया। प्रभारी निरीक्षक नन्द किशोर ने बताया कि बृहस्पतिवार को थाने की महिला आरक्षी शिखा शर्मा व दीप्ति मिश्रा ने शिवपुरा, रामपुर, शेखनखेड़ा, उतरावां सहित अन्य गांवों की ऐसी 10 महिला अभियुक्तों से मुलाकात की जिनके विरुद्ध अवैध शराब बिक्री करने में दफा 60 का मुकदमा दर्ज है।
इन महिलाओं से मिलकर अवैध शराब की बिक्री न करने की अपील की और उन महिलाओं को समझाया कि कोई भी ऐसा गलत कार्य न करें जिससे उन्हें जेल जाना पड़े। परिवार के जीविकोपार्जन के लिए पापड़, अचार, सिलाई, कढ़ाई, चाय की दुकान सहित ऐसे बहुत से रोजगार हैं जिसे शुरू कर महिलाएं अपना परिवार चला सकती हैं। उन्हें अवैध शराब बनाकर बेचने जैसे गलत रास्ते पर चलने की जरूरत नहीं है। वहीं दूसरी ओर बृहस्पतिवार को ही दीप्ति मिश्रा व शिखा शर्मा ने निगोहां गांव और राती की मलिन बस्तियों और झोपड़ पट्टियों में जाकर खेतिहर महिला मजदूरों व असंगठित क्षेत्र की महिला मजदूरों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी के साथ ही शिक्षा के महत्व को समझाया और बच्चों को स्कूल भेजने के लिए भी प्रेरित किया।