बख्शी का तालाब में बीकेटी के अस्ति रोड पर 22 दिसंबर को शिवपुरी-बराखेमपुर निवासी रामकुमार रावत (40) की हत्या उसकी पत्नी ने ही कराई थी। इस हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने शुक्रवार को किया। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस ने हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया है। सीओ स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, रामकुमार की पत्नी का संबंध शिवपुरी मानपुर लाला निवासी ज्ञान सिंह यादव उर्फ ज्ञानू के साथ था।
रामकुमार को इसकी जानकारी हो गई। उसने पत्नी पर ज्ञानू से दूरी बनाने के लिए दबाव डालना शुरू किया। यह बात पत्नी ने प्रेमी ज्ञानू को बता दी। दोनों ने रामकुमार को ही रास्ते से हटाने की साजिश रचनी शुरू कर दी।
हत्यारों को 20 हजार रुपये देने का किया वादा
सीओ के मुताबिक, ज्ञानू के गांव के ही अंकित यादव ने मड़ियांव के शातिर अपराधी राजा और बीकेटी के कुलदीप उर्फ केडी, मूसानगर के उत्तम कुमार को तैयार किया। ज्ञानू ने अंकित के माध्यम से तीनों हत्यारों को 20 हजार रुपये देने का वादा किया। इसमें 13000 रुपये अग्रिम भुगतान किए गए। बाकी 7000 की रकम काम होने के बाद देने का वादा किया, जिसे ज्ञानू और रामकुमार की पत्नी ने नहीं दिया है।
प्रभारी निरीक्षक बीकेटी बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक, हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद ली। पुलिस ने रामकुमार की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। उसने हत्याकांड की पूरी कहानी बयां कर दी।
इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर ज्ञान सिंह उर्फ ज्ञानू, अंकित यादव और उत्तम कुमार को दबोच लिया। सभी ने हत्या में शामिल होने की बात कुबूल की। इस हत्याकांड के दो किराए के हत्यारे राजा व कुलदीप फरार हैं।