अवैध शराब से परिवार के बिखरने और बदहाली से आजिज बंजरिया गांव की महिलाओं ने बुधवार को इसके खिलाफ हल्ला बोल दिया। महिलाओं ने बुधवार को ही नशा मुक्ति वाहिनी नाम से अपना संगठन बनाया और इसके बाद शराब की भट्ठियों पर धावा बोलने निकल पड़ीं। इस संगठन ने एक ही दिन में 13 भट्ठियां जला दीं।
महिलाओं ने कहा-अब गांव में किसी को भी न तो शराब पीने देंगे, न ही बनाने देंगे। पुलिस ने अभियान की सराहना करते हुए सभी महिलाओं को एक-एक साड़ी देने का आश्वासन दिया। नानपारा कोतवाली क्षेत्र के बंजरिया ग्राम सभा के मजरा मोती सिंह पुरवा में कुछ लोग अवैध शराब बनाकर पीते और बेचते थे।
यह सब कुछ वर्षों से चल रहा था। इससे गांव की महिलाएं बहुत परेशान थीं। महिलाओं का कहना है कि पति के आए दिन शराब पीकर घर में आने से मारपीट होती है। बच्चों का भी भविष्य बर्बाद हो रहा है। कई महिलाएं इस अवैध शराब की वजह से विधवा हो चुकी हैं।
इस समस्या कोलेकर महिलाएं नानपारा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक से मिली थीं। पुलिस ने कई बार गांव में गोष्ठी कर लोगों को नशा छोड़ने की अपील की। यही नहीं महिलाओं को नशा के खिलाफ मुहिम चलाने को कहा। इस पर महिलाओं ने गांव के ही मुन्ना सिंह के संरक्षण में नशा मुक्ति वाहिनी का गठन किया।