सरोजनीनगर। क्षेत्र में बुधवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक सवार की टक्कर से साइकिल सवार श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। आननफानन उसे लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
अमौसी स्थित हिंदू खेड़ा निवासी रामू धीमान (55) मजदूरी करते थे। बुधवार शाम करीब सात बजे वह मजदूरी करके साइकिल से घर लौट रहे थे। गौरी-अमौसी रेलवे स्टेशन रोड पर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी और भाग गया। घटना में रामू बुरी तरह घायल हो गए। लोकबंधु अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रामू के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा अक्षत है। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि बाइक चालक की तलाश की जा रही है।