मोहनलालगंज। रानीखेड़ा गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से साइकिल सवार बालक घायल हो गया। उसे पीजीआई के ट्राॅमा टू में भर्ती कराया गया, जहां शाम को मौत हो गई।
कोराना गांव के अमरेश यादव ने बताया कि उनके छोटे भाई रवि कुमार का सात वर्षीय बेटा पीयूष पेट दर्द से परेशान था। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे वह उसे लेकर साइकिल से दवा लेने मोहनलालगंज सीएचसी जा रहे थे। रानीखेड़ा गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पीयूष को लेकर ट्राॅमा टू ले गए। वहां देर शाम उसकी मौत हो गई। पीयूष निजी स्कूल में कक्षा एक का छात्र था। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक बच्चे की मौत की सूचना मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।