लखनऊ। इंदिरानगर के सुगामऊ में निजी क्लीनिक की दवा खाने के बाद बुखार से पीड़ित मजदूर अरविंद कुमार (50) की रविवार रात मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजन व लोगों ने निजी क्लीनिक के कथित जनरल फिजिशियन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के खिलाफ गलत दवा देने का आरोप लगाकर सुगामऊ चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हंगामे से सड़क पर भीषण जाम लग गया। तीन थानों की पुलिस भेजी गई। अरविंद की पत्नी ने डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
मीरा रावत के मुताबिक अरविंद को चार दिनों से हाथ-पैर में दर्द के साथ बुखार था। रविवार शाम वह शिवराम चौराहा स्थित निजी क्लीनिक में गए। यहां डॉ. अनुराग ने दवा देकर भेज दिया। मीरा का आरोप है कि दवा खाने के 10 मिनट बाद ही अरविंद बेसुध होकर गिर पड़े। उनके मुंह से झाग आने लगा। आनन-फानन उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने लोहिया ले जाने की सलाह दी। यहां डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि दवा के रिएक्शन से अरविंद की मौत हुई है।
इससे आक्रोशित परिजन लोगों के साथ शव लेकर सुगामऊ चौराहे पहुंचे और जाम लगा दिया। इसके बाद तीन थानों की पुलिस भेजी गई। मीरा ने डॉ. अनुराग की डिग्री पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।