उन्होंने 80 वर्षीय पूर्णानंद चतुर्वेदी को उनके 20 वर्षीय दो नातियों के साथ गिरफ्तार करा लिया। बहुगुणा ने इंदिरा गांधी को पत्र लिखकर कहा, ‘चतुर्वेदी जी और उनके नातियों का किसी भी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है। यह परिवार काफी प्रतिष्ठित है। इनकी गिरफ्तारी उचित नहीं है।’
बहुगुणा की पत्नी कमला बहुगुणा ने भी इंदिरा गांधी से मिलने का प्रयास किया ताकि उन्हें पूरे तथ्य बता सकें। पर, इंदिरा गांधी ने मिलने का वक्त ही नहीं दिया। इससे बहुगुणा बहुत आहत हुए और उन्होंने खुलकर कहना शुरू कर दिया, ‘इंदिरा जी शेर की सवारी कर रही हैं उतरेंगी तो वही उन्हें खा जाएगा।’ वही हुआ, आपात काल के बाद हुए चुनाव में इंदिरा गांधी की जबरदस्त पराजय हुई।