सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने भारत ए की ओर से खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 176 रन की शानदार पारी खेलकर दो अक्तूबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए अपनी फॉर्म के संकेत दे दिए हैं। मुकाबले में 412 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए ने आखिरी दिन 91.3 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया और पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ए ने कल के दो विकेट पर 169 रन से आगे खेलना शुरू किया। 189 रन के योग पर मानव सुथार (5) के आउट होने के बाद कल 74 रन के निजी योग पर रिटायर होने वाले केएल राहुल क्रीज पर उतरे।
दूसरे छोर पर 81 रन से आगे खेलने उतरे साई सुदर्शन ने भी 170 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से 100 रन बनाए। 267 के स्कोर पर सुदर्शन के आउट होने के बाद कप्तान ध्रुव जुरेल ने राहुल के साथ मोर्चा संभाला और 113 गेंदों पर 115 रन की साझेदारी निभाकर टीम को जीत की दहलीज पर ले गए। 56 रन के योग पर आउट होने से पहले जुरेल ने 66 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के जमाए।
जुरेल के आउट होने के बाद नीतीश रेड्डी ने 14 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से तेजी से 16 रन बनाते हुए भारत को पांच विकेट से जीत दिला दी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से टॉड मर्फी सबसे सफल रहे, जिन्होंने 114 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा रॉकीचॉली ने 84 रन देकर दो विकेट लिए।