समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक पर महिला का अपहरण कर पिटाई का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर पूर्व विधायक समेत आठ लोगों पर अपहरण, मारपीट समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र से जुड़ा है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के महुअरिया मोहल्ले की रहने वाली समरीन खान का आरोप है कि पिछली 27 जून की दोपहर बाद एक बजे वह अपनी कार से शहर के सब्जी मंडी स्थित फ्लाई ओवर के पास पहुंची थी। तभी एक वाहन पर सवार कई लोग वहां पहुंचे और उसे कार से खींचकर अपने कार में बैठा लिया। कार में बंधक बनाने के बाद उसकी पिटाई की और अलीगंज के पास छोड़कर फरार हो गए।
समरीन का आरोप है कि उसके अपहरण व मारपीट में सपा के पूर्व विधायक अनूप संडा, उनकी पत्नी अमिता, एसपी सिंह, अशोक, राहुल, विरेश, सुनील अग्रवाल व एक अन्य युवक शामिल थे। नगर कोतवाल मधुकांत मिश्र ने बताया कि समरीन की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।