बाराबंकी की फतेहपुर कोतवाली में शुक्रवार देर शाम दो दवा करोबारियों का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। चलती कार में लूटपाट करने के बाद बदमाश दोनों को सद्दीपुर सिहाली मार्ग पर स्थित ग्राम गदईपुरवा के पास छोड़ गाड़ी लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक सीतापुर निवासी उमाशंकर जैन और अशोक जैन बाराबंकी में दवा का करोबार करते हैं। शुक्रवार देर रात दोनों फतेहपुर स्थित अपनी दुकान बंद कर कार से घर जा रहे थे। तभी बेलहरा पैतेपुर मार्ग पर उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे कार सवार चार बदमाशों ने गाड़ी आगे लगाकर रोक ली।
असलहे के दम पर तीन बदमाश उनकी गाड़ी में जबरन बैठ गए और तीनों का अपहरण कर तेज रफ्तार से गाड़ी से भगाने लगे। तभी पीछे से दुकान बंद कर आ रहे उनके पुत्र रमन ने अपने पापा की गाड़ी को वापस आता देख अंदेशा जताते हुए गाड़ी का पीछा किया, लेकिन गाड़ी इतनी तेज रफ्तार में थी कि वह किस तरफ मुड़ गई पता नहीं चल सका।
इस पर रमन ने परिजनों के साथ पुलिस को सूचना दी। तुरंत हरकत में आई पुलिस ने हर चौराहे पर नाकाबंदी लगा दी। बदमाशों को इस बात की भनक लग गई इसलिए वह दोनों व्यापारियों और उनके नौकर को सद्दीपुर सिहाली मार्ग पर स्थित ग्राम गदईपुरवा के पास दोनों व्यापारियों व उनके नौकर को गाड़ी से उतार दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए।
बदमाशों ने दोनों व्यापारियों से कुछ नगदी समेत सोने-चांदी की अंगूठी व चेन लूट ली। घटना की सूचना के बाद जहांगीराबाद कोतवाली पहुंचे एडिशनल एसपी ने पीड़ितों के बयान दर्ज किए।