18 फीट ऊंची दीवारें और हर वक्त गार्ड रहने के बावजूद सात साल का एक बच्चा चौबीस घंटे से भी कम वक्त में दो बार प्राग नारायण रोड स्थित राजकीय बालगृह से भाग निकला।
यह बच्चा अपने घर तक का पता नहीं बता पा रहा था। बताया जा रहा है कि पहली बार भागने के कारण बच्चे की अधीक्षक ने पिटाई की थी। बालगृह का स्टाफ चारबाग स्टेशन और कैसरबाग बस स्टैंड पर पूरे दिन खाक छानता रहा लेकिन उसका पता नहीं चला।
हफ्ता भर पहले यह बच्चा रेलवे चाइल्ड लाइन मिला था। बाल गृह में रुकने को तैयार नहीं था और घर जाने की जिद कर रहा था। इसके बावजूद उसके माता-पिता को तलाशने में जिम्मेदारों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई।
बुधवार को वह एक अन्य बच्चे संग भाग निकला। लेकिन तब वह पास ही राजकीय महिला शरणालय के स्टाफ के पास चला गया, जिन्होंने पूछताछ करके उसे फिर से बालगृह में लौटा दिया था। इसके बावजूद जिम्मेदारों की लापरवाही जारी रही और गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात फिर से भाग गया।