माफिया छोटा राजन के शॉर्प शूटर खान मुबारक को लखनऊ जेल से हरदोई जेल शिफ्ट किया गया है पहले उसे सीतापुर जेल भेजने की तैयारी थी।
सीतापुर जेल में रामपुर के सांसद आजम खां, उनकी पत्नी तजीन फात्मा और उनका बेटा पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खां बंद है। इसीलिए खान मुबारक को हरदोई जेल में शिफ्ट किया गया है। खान मुबारक को सुरक्षा कारणों से हरदोई जेल भेजा जा रहा है।
वहीं, गुरुवार को सीतापुर से रामपुर पेशी पर आए सांसद आजम खां ने कोर्ट को अवगत कराया कि पुलिस उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही है। सीतापुर से रामपुर लाए जाने के दौरान छह घंटे के सफर में पुलिस ने लघुशंका तक करने की इजाजत नहीं दी।
कोर्ट के आदेश के बाद भी पुलिस रास्ते में लंच तक नहीं करवा रही है। उन्होंने कहा कि मैं नौ बार का विधायक, चार बार का मंत्री, एक बार का राज्यसभा सदस्य और वर्तमान में लोकसभा का सदस्य हूं।
गुरुवार को वह पेशी पर अकेले आए थे, उनकी पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और पुत्र अब्दुल्ला आजम नहीं आए थे। पुलिस उनको सीतापुर से अकेले ही लेकर आई थी। पेशी की औपचारिता पूरी करने के बाद आजम खां ने कोर्ट से गुजारिश की कि वह कुछ कहना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी बात कही।