लखनऊ। केजीएमयू के न्यूरो सर्जरी विभाग ने देशभर में नाम रोशन किया है। विभाग के ट्रॉमा सेंटर में दी जा रहीं विश्वस्तरीय सुविधाओं के लिए न्यूरो ट्रॉमा सोसाइटी ऑफ इंडिया ने हैदराबाद में आयोजित वार्षिक बैठक में इस साल का इंस्टीट्यूशनल नेशनल अवॉर्ड दिया है। इसके लिए देशभर से सात मेडिकल सेंटरों ने आवेदन किया था। चयन समिति ने केंद्रों के प्रतिनिधियों का साक्षात्कार लिया और प्रेजेंटेशन के बाद केजीएमयू को चुना।
प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि न्यूरो सर्जरी विभाग के ट्रॉमा सेंटर में 55 बेड का स्पेशल वार्ड है। यहां दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और न्यूरो इंटेंसिव केयर यूनिट के बेड हैं। क्रिटिकल केयर मेडिसिन और ट्रॉमा वेंटिलेटर यूनिट में आईसीयू की सुविधा भी दी जा रही है। इमरजेंसी से लेकर सर्जरी और पोस्ट-ऑपरेटिव केयर तक की पूरी चेन एक ही छत के नीचे मौजूद है। 24 घंटे ऑपरेशन हो रहे हैं।
कुलपति ने दी बधाई
विभागाध्यक्ष डॉ. बीके ओझा ने कहा कि एविडेंस बेस्ड ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल और निरंतर एकेडमिक ट्रेनिंग पर जोर देने से यह अवॉर्ड मिला है। न्यूरो ट्रॉमा सुविधाओं को बेहतर बनाने में एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी और इमरजेंसी केयर विभाग का भी बराबर सहयोग मिलता है। कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि यह अवॉर्ड पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। सभी डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान से मरीजों का संस्थान पर भरोसा बढ़ता है।