लखनऊ। केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने बृहस्पतिवार सुबह ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान परचा और जांच काउंटरों पर लंबी कतारें मिलीं। ग्राउंड फ्लोर पर निर्माण कार्य के चलते मलबा और धूल देख कुलपति ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कुलपति ने करीब 11 बजे कैजुअल्टी, इमरजेंसी मेडिसिन, रेडियो डायग्नोसिस समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे मरम्मत कार्य की भी जानकारी ली और इसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इन दिनों ट्रॉमा सेंटर में दीवारों पर टाइल्स लगाने समेत कई काम चल रहे हैं। निर्माण के दौरान उड़ रही धूल से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी हो रही है। आवाजाही में डॉक्टरों और कर्मचारियों को भी दिक्कत हो रही है।
कुलपति ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और मरीजों को प्राथमिकता से इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण के दौरान मरीजों और तीमारदारों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।