बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री श्याम मंदिर में रुद्राभिषेक करते श्री श्याम परिवार के सदस्य
लखनऊ। बीरबल साहनी मार्ग सि्थत श्री श्याम मंदिर में बुधवार की रात महादेव का रुद्राभिषेक किया गया। श्री श्याम परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पूरा मंदिर परिसर ओम नम: शिवाय मंत्र से गूंज उठा। पंडित राजेंद्र कुमार पांडेय के विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार से रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। इस दौरान विधायक डॉ. नीरज बोरा, महेश गर्ग, पंकज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाभिषेक किया। महामंत्री रूपेश अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को शाम चार बजे से श्री श्याम मंदिर में भव्य श्री श्याम श्रावणी तीज उत्सव का आयोजन किया जाएगा। तीज क्वीन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके लिए मंदिर कार्यालय पर पहुंचकर 35 वर्ष तक की महिलाएं पंजीकरण कराकर प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकती हैं। विजेता को प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कूटर दिया जाएगा। संयोजिका पारूल अग्रवाल ने बताया कि उत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम में सोलह श्रृंगार, झूला गीत-संगीत समेत अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।