लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ट्रॉमा सेंटर की कैजुअल्टी का विस्तार शुरू हो गया है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब यहां बेड की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसके लिए निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। प्रशासन का दावा है कि 15 अगस्त तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
फिलहाल, कैजुअल्टी को अस्थायी रूप से ट्रॉमा सेंटर के बाहर स्थित ट्रॉयज एरिया में शिफ्ट किया गया है। यह ट्रॉयज एरिया परचा काउंटर के ठीक बगल में है, जहां से मरीजों को अलग-अलग विभागों में भेजा जा रहा है।
केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर की क्षमता 400 बेड की है और यहां हर दिन औसतन 250–300 मरीज आते हैं। इनमें से 150 से अधिक मरीज भर्ती किए जाते हैं, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार देकर दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है।
अब तक ट्रॉमा सेंटर की कैजुअल्टी में सिर्फ 28 बेड ही उपलब्ध थे। मरीजों की संख्या अधिक होने पर स्ट्रेचर पर भर्ती करनी पड़ती थी। इस समस्या को देखते हुए केजीएमयू प्रशासन ने कैजुअल्टी विस्तार की योजना बनाई, जिसे कुलपति ने स्वीकृति दे दी है।
40 बेड के बड़े हॉल में बदले जाएंगे सभी वार्ड
कैजुअल्टी विस्तार के तहत सभी मौजूदा वार्ड को तोड़कर एक बड़े हॉल में तब्दील किया जा रहा है, जहां 40 बेड की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए नए प्रवेश और निकास मार्ग भी बनाए जा रहे हैं। ट्रॉमा प्रभारी डॉ. प्रेमराज के अनुसार, कैजुअल्टी में बेड की संख्या बढ़ाने के लिए निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अगले माह से सभी मरीजों को वहीं भर्ती किया जा सकेगा। कैजुअल्टी की नई व्यवस्था से भीड़ का दबाव भी कम होगा।