लखनऊ। केजीएमयू के सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग के एक शिक्षक को कार्य परिषद ने एक साथ दो विशेष वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) दे दी। हालांकि, संस्थान के वित्त विभाग ने नियमों में इसकी व्यवस्था न होने की बात कहकर मामला फंसा दिया है।
केजीएमयू में जनवरी में हुए विभिन्न विभागों में शिक्षकों की पदोन्नति के लिए साक्षात्कार हुए थे। सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग के एक शिक्षक के प्रदर्शन से खुश होकर उन्हें एक साथ दो विशेष वेतन वृद्धि देने की सिफारिश कर दी गई। कार्य परिषद ने भी मुहर लगा दी।
मामला जब वित्त विभाग के पास पहुंचा तो वहां से इस तरह की कोई व्यवस्था न होने की बात कही गई। इससे फैसला भी अधर में अटक गया है। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी इस तरह का एक मामला आया था, उस समय भी नियम न होने की बात कहते हुए प्रस्ताव खारिज हो गया था।