लखनऊ। केजीएमयू ने 22वें दीक्षांत समारोह (कॉन्वोकेशन) को लेकर सभी पदक विजेता और डिग्री प्राप्त करने वाले स्नातक एवं स्नातकोत्तर मेधावियों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं। सभी डिग्री और मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 जुलाई को दोपहर 12 बजे से होने वाली रिहर्सल में शामिल होना अनिवार्य होगा। विवि प्रशासन ने छात्रों से कहा है कि वे 30 जून तक यह जानकारी दें कि उनके माता-पिता समारोह में शामिल हो सकेंगे या नहीं। हर छात्र अपने साथ अधिकतम दो अभिभावकों को आमंत्रित कर सकता है। भाई-बहन और बच्चों को आमंत्रण की अनुमति नहीं होगी।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह के मुताबिक, रिहर्सल में ड्रेस कोड भी तय किया गया है। पुरुष छात्रों को सफेद शर्ट, नीली पैंट, काले जूते और काले मोजे पहनने होंगे। छात्राओं के लिए गुलाबी साड़ी और काले रंग के हाई हील जूते निर्धारित किए गए हैं। समारोह स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। एमबीबीएस, बीडीएस और अंतिम वर्ष के सभी विद्यार्थियों को कार्यक्रम शुरू होने से एक घंटे पहले अपनी सीट पर बैठना होगा। सुबह 10:30 बजे के बाद आने वाले विद्यार्थियों को अनुपस्थित माना जाएगा। यह समारोह 13 जुलाई को सुबह 11 बजे अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा।