लखनऊ। रूस के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी में कूड़ा निस्तारण की आधुनिक तकनीक की सराहना की है। उन्होंने इस मॉडल को अपने देश में अपनाने पर भी सहमति जताई। रूस की टेकपॉलिमर ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार से मुलाकात की। इस दौरान नगर निगम में अपनाई जा रही कूड़ा निस्तारण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने मॉडल का अध्ययन कर अपने देश में भी उपयोगी तकनीकों को अपनाने पर सहमति जताई। इस दौरान बायो माइनिंग, बायो रिमेडिएशन, लैंडफिल पुनर्वास, वेस्ट-टू-वैल्यू और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर बात हुई। तकनीकी सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में पर्यावरण के अनुकूल कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी बात हुई। प्रतिनिधिमंडल ने स्वच्छ और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की इच्छा जताई। कंपनी के मालिक इवान, सीआईएस क्षेत्र की निदेशक इरीना पिंगोरिना, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमर दीप सिंह, निदेशक यज्ञदत्त त्यागी और वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक गर्ग भी मौजूद रहे।