लखनऊ। केजीएमयू के हॉस्टलों की मेस में गैस का संकट बना हुआ है। यहां भट्ठी पर ही खाना बन रहा है। मेस संचालकों का कहना है कि सिलिंडर आसानी से नहीं मिल रहा है।
केजीएमयू में 20 हॉस्टल हैं, जिनमें 10 हजार मेडिकल छात्र-छात्राएं रहते हैं। हर हॉस्टल में एक से दो मेस हैं। व्यावसायिक गैस की किल्लत से यहां खाना बनाना मुश्किल हो गया है। इंडक्शन चूल्हे व अंगीठी से भोजन तैयार हो रहा है। कई मेस में दोपहर और रात का भोजन ही मिल रहा है। विद्यार्थियों को सुबह का नाश्ता बाहर से करना पड़ रहा है।
सीवी हॉस्टल में भट्ठी पर ही खाना बन रहा है। मेस संचालकों का कहना है कि एक सिलिंडर कुछ दिन पहले मिला था, जो खत्म हो चुका है। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह के मुताबिक, सभी मेस में सिलिंडर भिजवाए गए थे। कहीं पर कमी है तो वहां सिलिंडर मुहैया कराया जाएगा।