यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बाराबंकी में आयोजित एक कार्यक्रम में रॉबर्ट वाड्रा का नाम लिए बिना कहा कि पहले उन्होंने चोरी से विदेशों में सम्पत्ति बनाई और अब सरकारी ऑफिसों के चक्कर लगा रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ेगी।
केशव ने कहा कि मोदी सरकार के 55 महीने कांग्रेस के 55 साल के शासनकाल पर भारी हैं। मोदी सरकार ने देश के गरीबों के लिए जितना किया उतना किसी सरकार ने नहीं किया।
उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को गैस चूल्हा देकर महिलाओं को बीमारियों से बचाया है। मोदी जी खुद गरीब घर से हैं। उनकी मां चूल्हे में खाना पकाती थीं। अब वह प्रधानमंत्री हैं तो देश की हर महिला को चूल्हे के धुएं से निजात दिलाने का प्रयास कर रहे हैं।
गठबंधन पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी को रोकने के लिए सपा, बसपा व कांग्रेस एक हो रहे हैं। कांग्रेस चुनाव के वक्त झूठ बोलकर देश की जनता को ठगने का काम करती है। ये गठबंधन नहीं ठगबंधन है।
केशव प्रसाद मौर्य बाराबंकी व अयोध्या के दौरे पर हैं। जहां वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।