उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव, संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार बनाने के संकल्प को लेकर अमित शाह के साथ विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर डबल इंजन सरकार की योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर
डिप्टी सीएम ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के दौरान गरीब और आम परिवारों को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं और उसके लाभ की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर भी लोगों के बीच संवाद किया जाएगा।
70 साल पर भारी मोदी के 12 साल
केशव मौर्य ने कहा कि विपक्ष के 70 वर्षों के शासन में जो काम नहीं हो सके, वे मोदी सरकार के 12 वर्षों में धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पक्के आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, डीबीटी और बुनियादी ढांचे के विकास को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। भारत को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने तथा वैश्विक स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व जरूरी है।
अमित शाह के मार्गदर्शन के लिए जताया आभार
डिप्टी सीएम ने मुलाकात के बाद अमित शाह के प्रति आभार जताया। कहा कि गृह मंत्री का संगठनात्मक अनुभव, मार्गदर्शन और परामर्श पार्टी और सरकार को दिशा देने में महत्वपूर्ण है।