लखनऊ। कैंट विधानसभा उपचुनाव के अंतर्गत नामांकन पत्रों की जांच में मंगलवार को दो प्रत्याशियों के पर्चे जरूरी औपचारिकता पूरी न पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए। रिटर्निग ऑफीसर (आरओ) अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि महिला स्वाभिमान पार्टी की गीता कुमारी व निर्दलीय श्याम लाल का पर्चा निरस्त किया गया। अब चुनाव मैदान में हिस्सेदारी को 13 प्रत्याशी बचे हैं।
उन्होंने बताया कि तीन अक्तूबर को चुनाव मैदान में मौजूद प्रत्याशियों को अपना नामांकन वापस लेने के लिए शाम तीन बजे तक का मौका मिलेगा। नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में अंतिम तौर से बचे प्रत्याशियों को शाम चार बजे से पांच बजे के बीच चुनाव निशान आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद प्रत्याशी 21 अक्तूबर को होने वाले चुनाव का प्रचार शुरू कर सकेंगे। आरओ ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रत्याशी पार्टी के अधिकृत निशान पर चुनाव लड़ेंगे जबकि पंजीकृत क्षेत्रीय दल व निर्दलीय प्रत्याशियों को उपलब्धता के आधार पर चुनाव निशान दिए जाएंगे।
नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब भाजपा के सुरेश तिवारी, सपा के मेजर आशीष चतुर्वेदी, कांग्रेस के दिलप्रीत सिह डीपी व बसपा के अरुण द्विवेदी के अलावा निर्दलीय दीपक चौरसिया, नीलम, शत्रोहन लाल, सचिदानंद, सत्येंद्र, सत्यापन सिंह, अनुरोध श्रीवास्तव, निगमेंद्र व विनोद कुमार समेत 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।