सीबीआई ने अवैध खनन पट्टों की जांच के सिलसिले में मंगलवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तीन शहरों सहारनपुर, लखनऊ और देहरादून में 11 स्थानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई सहारनपुर के डीएम रह चुके दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों समेत 12 लोगों के खिलाफ एक नई एफआईआर दर्ज करने के बाद की गई।
एफआईआर में सहारनपुर में आरोपियों को 2005 से 2015 के बीच आवंटित 13 खनन पट्टों के नवीनीकरण में अनियमितता का आरोप लगाया गया है। यह नवीनीकरण 2012 से 2015 के बीच सपा शासनकाल के दौरान किया गया था।
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि एफआईआर में नामजद 1998 बैच के आईएएस अफसर अजय कुमार सिंह 28 मार्च, 2012 से 12 फरवरी, 2014 तक, जबकि 2008 बैच के आईएएस अफसर पवन कुमार 20 जुलाई, 2015 से 6 अगस्त, 2016 तक सहारनपुर के डीएम रहे हैं।
अजय फिलहाल खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सचिव हैं, जबकि पवन आवासीय एवं शहरी योजना विभाग में विशेष सचिव पद पर नियुक्त हैं। इन दोनों पर आपराधिक साजिश में शामिल होने, पद का दुरुपयोग करने का आरोप है। दोनों ने डीएम रहते बिना ई-टेंडरिंग के पट्टों का नवीनीकरण किया था। छापेमारी के दौरान सीबीआई ने सिंह के आवास से 15 लाख रुपये नकद और दो संपत्तियों के कागजात बरामद होने का दावा किया है।