प्लॉट के नाम पर कानपुर के कारोबारी से 55 लाख ठगे
लखनऊ। कानपुर के चकेरी निवासी व्यवसायी श्याम कुमार गुप्ता ने 55 लाख रुपये ठगने का केस बंथरा थाने में दर्ज कराया है। आरोप है कि रियल एस्टेट कंपनी दिशादीप डेवलपमेंट के एमडी राजू श्रीवास्तव और राकेश कुमार पांडेय ने प्लॉट के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की है। मामले की शिकायत पीड़ित ने डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल से की थी।
कारोबारी श्याम कुमार की कानपुर में उत्कर्ष इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म है। उनके मुताबिक वर्ष 2017 में राजू व राकेश से मुलाकात हुई थी। दोनों ने बताया था कि कंपनी का कार्यालय लखनऊ व प्रयागराज में है। कंपनी के लखनऊ में चल रहे प्रोजेक्ट में प्लॉट खरीदने की बात कही। दो साल में कब्जा देने और ऐसा न करने पर दोगुना रकम लौटाने का वादा किया। झांसे में आकर श्याम कुमार ने 55 लाख रुपये दे दिए। पर प्लॉट नहीं मिला। (संवाद)