एसजीपीजीआई के कोरोना वार्ड में भर्ती बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर की रिपोर्ट अभी पॉजिटिव है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी लगातार देखरेख हो रही है और जब तक रिपोर्ट निगेटिव नहीं आती उन्हें भर्ती रखा जाएगा।
वहीं, शनिवार को भर्ती कराए गए अन्य तीनों मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रविवार को तीन अन्य मरीज भर्ती किए गए हैं, जिन्हें सर्दी जुकाम के साथ बुखार है। इनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
वहीं, यूपी में कोरोना के सात नए मरीज मिले हैं। जिनमें से चार नोएडा, दो गाजियाबाद व एक बरेली का है। इस तरह प्रदेश में अब तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 72 हो गई है।
लखनऊवासियों के लिए रविवार का दिन भी राहत भरा रहा। यहां नौवें दिन भी कोई मरीज कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है। शनिवार को लिए गए सभी 14 सैंपल निगेटिव पाए गए। केजीएमयू की लैब में शनिवार शाम से रविवार दोपहर तक प्रदेशभर से आए 79 नमूनों की जांच हुई। सभी निगेटिव पाए गए।
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह के मुताबिक यहां सात कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं। सभी की तबीयत ठीक है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत की निगरानी कर रही है। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित करने का काम तेजी से चल रहा है।
मरीज के साथ खुद को संक्रमण से कैसे बचाया जाए, इसकी बारीकियां सिखाई जा रही हैं। सबसे ज्यादा ट्रॉमा सेंटर के कर्मचारियों और डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।