लखनऊ के नाका के खुर्शेदबाग इलाके में हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी की हत्या की साजिश रचने वाले गुजरात के सूरत निवासी रशीद अहमद पठान उर्फ राशिद, मौलाना मोहसिन शेख व फैजान यूनुस को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। लखनऊ पुलिस तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई है।
सोमवार को एसआईटी के साथ ही एनआईए, एटीएस, आईबी और अन्य एजेंसियों के अधिकारी दिनभर उनसे पूछताछ करते रहे। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि तीनों साजिशकर्ताओं को कड़ी सुरक्षा में एक गोपनीय स्थान पर रखा गया है। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी को सौंपी गई है।
एसएसपी ने बताया कि तीनों साजिशकर्ताओं को रविवार देर रात फ्लाइट से लखनऊ लेकर आया गया। इस बीच कानपुर देहात का टैक्सी चालक, कानपुर के रेलबाजार स्थित मोबाइल फोन दुकानदार समेत तीन लोगों को भी लखनऊ ले आया गया। एसआईटी ने साजिशकर्ताओं व उपरोक्त तीन संदिग्धों से करीब चार घंटे तक पूछताछ की।