केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने कहा है कि लव जेहाद पर चर्चा होनी चाहिए। मिश्र ने योगी आदित्यनाथ के उस बयान को भी सही बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि विधानसभा उपचुनाव में सभी सीटों पर लव जेहाद मुद्दा रहेगा।
मिश्र शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस सवाल पर कि योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि विधानसभा उपचुनाव में सभी सीटों पर लव जेहाद मुद्दा रहेगा, उन्होंने कहा कि वे ठीक ही कह रहे हैं।
दिया न्यायाधीशों का हवाला
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला की हिंदुत्व पर सफाई के बीच कलराज ने यहां कहा कि विदेशों में जाने पर वहां के लोग हिंदुस्तान से आया हिंदू मुस्लिम या इसी तरह के अन्य संबोधन से पुकारते हैं। हिंदुत्व न तो जातिसूचक है और न संप्रदायक सूचक।
इसलिए इस पर अकारण विवाद खड़ा करने की कोई वजह नहीं है। हिंदू शब्द की उत्पत्ति सिंधु से हुई है। उन्होंने कहा, हिंदुत्व विवाद का विषय नहीं बल्कि जीवन शैली है।
हिंदुत्व किसी पूजा पद्धति का नाम नहीं बल्कि दर्शन का नाम है। यह राष्ट्रवाचक शब्द और पहचान है। विभिन्न न्यायालयों के न्यायाधीशों ने भी अपने फैसले में हिंदुत्व को जीवन शैली और दर्शन करार दिया है।
इसलिए किसी भी उपासना पद्धति मानने वाले को हिंदू व हिंदुत्व शब्द को अन्यथा नहीं लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपनी तरफ अंगुली उठवाई
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान कि भाजपा वाले थानों के सामने खड़े रहते हैं उनकी प्रशासनिक अक्षमता को प्रकट करने वाला है।
अपराधों के नियंत्रण में पूर्णता विफल होने के नाते इस तरह का हास्यास्पद व हल्का भी है। यह बयान देकर उन्होंने प्रदेश की जनता की अंगुली अपनी तरफ उठवाई है।