कैलाश मानसरोवर भवन लखनऊ में बनाया जाएगा। प्रमुख सचिव धर्मार्थ कार्य नवनीत सहगल ने इसके लिए जमीन मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा है।
पत्र में कहा गया है कि कैलाश मानसरोवर भवन के निर्माण के लिए पर्याप्त सरकारी जमीन प्राथमिकता के आधार धर्मार्थ कार्य विभाग को मुहैया कराई जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता से जुड़े इस मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारी जमीन की तलाश में जुट गए हैं।
कैलाश मानसरोवर भवन के लिए एडीएम प्रशासन अविनाश सिंह ने सदर, सरोजनीनगर व मोहनलालगंज तहसील के एसडीएम को एक सप्ताह में सरकारी स्वामित्व में उपलब्ध खाली जमीनों का ब्यौरा देने को कहा है।
पर्याप्त जमीन वाली तीन जगह चिह्नित कर प्रमुख सचिव धर्मार्थ कार्य विभाग नवनीत सहगल को भेजी जाएगी। इसमें से भवन निर्माण के लिए स्वीकृत होने वाली जमीन को संबंधित विभाग को हस्तांतरित किए जाने की कार्रवाई जिलाधिकारी स्तर से होगी।
कैलाश मानसरोवर जाने वाले दूरदराज के श्रद्धालुओं के ठहरने और यात्रा संबंधी औपचारिकताओं को पूरा कराने के लिए कैलाश भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन के निर्माण के बाद उन्हें रियायती दर पर ठहरने व भोजन की सुविधा भी विभागीय स्तर पर मुहैया हो सकेगी।