लखनऊ से अयोध्या जाने वाले यात्रियों का सफर अगले कुछ महीनों में 20 से 25 मिनट कम हो जाएगा। पहले जहां ट्रेनों की गति अधिकतम 110 किमी प्रतिघंटा थी। वहीं, क्षमता बढ़ाने से उस रुट पर अब 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से भी ट्रेनें दौड़ सकेंगी।
इस बाबत गत मंगलवार डीआरएम स्पेशल ट्रेन लखनऊ से अयोध्या तक 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से दौड़ाई गई है। बता दें कि लखनऊ से वाराणसी के तीन रूट हैं। लखनऊ से फैजाबाद, लखनऊ से सुलतानपुर और लखनऊ से अमेठी प्रतापगढ़ के रास्ते वाराणसी तक।
इसके अलावा, रायबरेली और प्रतापगढ़ होकर प्रयागराज का भी रुट है। रेलवे इन रूट को 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार के लिए तैयार कर रहा है। रेलवे अब सुल्तानपुर रुट की क्षमता भी 130 किलोमीटर प्रतिघंटा कर रहा है। इसके लिए पुल की मरम्मत हो रही है। लखनऊ से अयोध्या होकर वाराणसी तक अब ट्रेनों की स्पीड बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रतिघंटा की जा सकेगी।