यूपी के सुल्तानपुर में कार से दफ्तर जा रहे एक पत्रकार करुण मिश्र (28) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि उनके साथ बैठा दूसरा युवक बाल-बाल बच गया।
पुलिस ने घटनास्थल से नाइन एमएम पिस्टल के कारतूस काखोखा बरामद किया है। मामले की तफ्तीश एसटीएफ को सौंपी गई है। हत्या के पीछे अवैध खनन की रिपोर्टिंग का संदेह जताया जा रहा है।
अंबेडकरनगर जिले के हंसवर थाना क्षेत्र के तरौली मुबारकपुर गांव के रहने वाले करुण मिश्र दैनिक जनसंदेश के ब्यूरो चीफ थे। वह पत्नी सीटू मिश्र और छह वर्षीय बेटे कृष्ण व एक माह की बेटी तृष्णा के साथ सुल्तानपुर के विवेकनगर में रहते थे।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे करुण अपनी बुआ के बेटे अभिषेक दीक्षित के साथ कार से अंबेडकरनगर के लिए निकले थे। कार अभिषेक चला रहा था, जबकि वह आगे की सीट पर बैठे थे।
रास्ते में गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर के पास बाइक पर सवार तीन युवकों ने कार को ओवरटेक कर फायरिंग शुरू कर दी। गोली करुण के गले में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अभिषेक उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर आईजी लखनऊ ए. सतीश गणेश ने मौके का मुआयना किया।
डीआईजी दलवीर सिंह ने कहा कि हत्या के खुलासे के लिए एसटीएफ के साथ ही क्राइम ब्रांच को लगाया गया है।
घटना के पीछे अवैध खनन की रिपोर्टिंग के साथ ही अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एसओ गोसाईंगंज देवेश कुमार सिंह ने बताया कि अभिषेक दीक्षित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।