लखनऊ। संयुक्त छात्रावास यूपी ने ऑल इंडिया केडी सिंह बाबू प्राइजमनी हॉकी प्रतियोगिता में धमाकेदार शुरुआत करते हुए जीएसटी चेन्नई को 7-0 के विशाल अंतर से पराजित किया। पद्मश्री मोहम्मद शाहिद स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में टाटा अकादमी ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को 3-2 और पंजाब एंड सिंध बैंक (पीएसबी) ने ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ईसीआर) को 4-2 से हराया।
प्रतियोगिता के तहत संयुक्त छात्रावास यूपी और जीएसटी चेन्नई के बीच मुकाबला एकतरफा रहा। विजेता टीम से आतिफ ने नौवें और 53वें मिनट में दो गोल दागे। अजय यादव ने भी 24वें और 57वें मिनट में दो गोल दागे। इसके अलावा हर्ष प्रताप सिंह ने 20वें, प्रहलाद पांडेय ने 44वें, करन धानुक ने 50वें मिनट में विपक्षी टीम की कमजोर रक्षापंक्ति को भेदकर गोल किया। जीएसटी चेन्नई के खिलाड़ी काफी प्रयास के बावजूद एक भी गोल नहीं कर सके।
दिन का दूसरा मुकाबला टाटा अकादमी और बीएसएफ के बीच खेला गया। 10वें मिनट में बीएसएफ को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे दीपक कुमार ने गोल में तब्दील किया। इसके बाद 25वें मिनट में टाटा अकादमी के मोहम्मद जईद ने शानदार गोल दाग स्कोर लाइन को 1-1 कर दिया।
इसके चार मिनट बाद बीएसएफ के विल्सन ने शानदार स्टिकवर्क दिखाते हुए गोल दागा और टीम को 2-1 से बढ़त दिलाई। टाटा अकादमी के करन कुमार ने 36वें गंगा ने 59वें मिनट में गोल दाग स्कोर लाइन 3-2 कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
तीसरे मुकाबले में पीएसबी की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। खेल के पांचवें मिनट में ही युवराज सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर पहला गोल दागा। इसके बाद 24वें मिनट में जसकरन सिंह ने ईसीआर की रक्षापंक्ति को भेदते हुए गोल किया। 39वें मिनट में युवराज सिंह और 44वें मिनट में युद्धवीर के गोल की बदौलत टीम ने 4-0 की बढ़त बनाई। ईसीआर से 58वें मिनट में नितीश और 59वें मिनट में समर्थ प्रजापति ने गोल कर अंतर कम किया।
मुकाबले के दौरान खेलते खिलाड़ी।
मुकाबले के दौरान खेलते खिलाड़ी।
मुकाबले के दौरान खेलते खिलाड़ी।
मुकाबले के दौरान खेलते खिलाड़ी।