बुंदेली गीतों और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से सजी दशहरा मिलन की शाम
लखनऊ। बुंदेली लोकगीतों की मिठास, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों के बीच शनिवार को बुंदेली दशहरा मिलन समारोह मनाया गया। राजाजीपुरम स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय के नीरू सभागार में आयोजित समारोह में राजधानी में रहने वाले बुंदेली समाज के लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया। बुंदेलखंड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद की ओर से आयोजित समारोह की शुरुआत पारंपरिक स्वागत और अभिनंदन से हुई। परिषद की संस्थापक संरक्षक व सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने कहा कि बुंदेलखंड शूरवीरों की शौर्य गाथा का प्रतीक है। उन्होंने बुंदेली संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की। वह पिछले 40 वर्षों से इस समारोह का आयोजन कर रही हैं। डॉ. पुष्पलता अग्रवाल और बुंदेली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए। बुंदेलखंड के कलाकारों ने लोकगायन और नृत्य से समां बांधा। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष महेंद्र कुमार तिवारी ने किया। महासचिव कैलाश जैन और अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. पवनपुत्र बादल मौजूद रहे।