लखनऊ। संयुक्त छात्रावास यूपी ने ऑल इंडिया केडी सिंह बाबू प्राइजमनी हॉकी प्रतियोगिता में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम ने आसान मुकाबले में एयरफोर्स को 2-0 से पराजित करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के एक अन्य मुकाबले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने उत्तर प्रदेश पुलिस को 3-1 से हराते हुए अंतिम आठ में जगह बनाई।
पदमश्री मो. शाहिद स्टेडियम में पूल-डी के मुकाबले में संयुक्त छात्रावास और एयरफोर्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने शुरुआती दो क्वार्टर में कई आक्रमण किए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति के कारण कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा। तीसरे क्वार्टर में संयुक्त छात्रावास ने आक्रामक रुख अपनाया। 48वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर आतिफ रायनी ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
चौथे क्वार्टर में एयरफोर्स ने बराबरी के लिए जवाबी हमले तेज किए, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। 59वें मिनट में अजय कुमार गोंड ने शानदार मैदानी गोल कर संयुक्त छात्रावास की जीत 2-0 से पक्की कर दी। प्रतियोगिता के पूल-सी में पीएनबी ने उत्तर प्रदेश पुलिस को 3-1 से शिकस्त दी। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। दूसरे क्वार्टर में पीएनबी ने आक्रामक खेल दिखाया। 27वें मिनट में अभिमन्यु ने फील्ड गोल कर टीम का खाता खोला। इसके तीन मिनट बाद 30वें मिनट में गुरसिमरन सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त 2-0 कर दी।
तीसरे क्वार्टर में 39वें मिनट में अंकित कुमार प्रजापति ने फील्ड गोल कर यूपी पुलिस की वापसी की उम्मीद जगाई। चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच संघर्ष जारी रहा। अंतिम मिनट में तोशांत ने फील्ड गोल कर पीएनबी की 3-1 से जीत सुनिश्चित कर दी।
आज के मुकाबले
पीएसपीबी बनाम कैग, पीएसबी बनाम एनटीएचए जमशेदपुर, पीएनबी बनाम एयरफोर्स, संयुक्त छात्रावास यूपी बनाम एससीआर
यूपी पुलिस (नीली जर्सी में) और पीएनबी बैंक के बीच हुए मुकाबले में गेंद के लिए भिड़ते खिलाड़ी।
यूपी पुलिस (नीली जर्सी में) और पीएनबी बैंक के बीच हुए मुकाबले में गेंद के लिए भिड़ते खिलाड़ी।
यूपी पुलिस (नीली जर्सी में) और पीएनबी बैंक के बीच हुए मुकाबले में गेंद के लिए भिड़ते खिलाड़ी।