लखनऊ। राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (एनएचबी) के 21 अगस्त के सर्कुलर के विरोध में शुक्रवार को किसानों और पॉलीहाउस निर्माताओं ने एनएचबी कार्यालय पर धरना दिया। बारिश के बीच किसानों ने प्रदर्शन कर उपनिदेशक को ज्ञापन सौंपा और सर्कुलर वापस लेने और चार माह से बंद जेओसी (ग्रांट ऑफ क्रेडिट) जारी करने की मांग की।
किसानों ने बताया कि बैंक ऋण स्वीकृत होने के बावजूद जेओसी जारी नहीं होने से पॉलीहाउस का निर्माण अटका है। इससे संरक्षित खेती शुरू नहीं हो पा रही और दूसरी फसल लेने में भी दिक्कत हो रही है। किसानों पर बैंक ऋण और अन्य खर्चों का बोझ बढ़ रहा है।
पॉलीहाउस निर्माण कंपनी सार्थक लिमिटेड के निदेशक पवन अग्रवाल ने कहा कि छह माह में निर्माण सामग्री की कीमतों में 15 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं, किसानों के मुताबिक नए सर्कुलर से सब्सिडी में करीब 15 प्रतिशत की कमी होने से उनकी लागत और बढ़ गई है।