उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की अर्से बाद हुई पूर्ण बैठक में ठप पड़ी चयन प्रक्रिया पूरी करने को हरी झंडी मिल गई है। चयन प्रक्रिया को हरी झंडी मिल जाने से टीजीटी-पीजीटी-2011 के लगभग छह लाख अभ्यर्थियों, टीजीटी-पीजीटी-2013 के लगभग 10 लाख अभ्यर्थियों के लिए भर्ती का रास्ता साफ हो जाएगा।
चयन बोर्ड के अध्यक्ष हीरालाल गुप्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में टीजीटी-पीजीटी-2011 की परीक्षा 15, 16 एवं 17 जून को कराने का फैसला किया गया। चयन बोर्ड की ओर से टीजीटी-पीजीटी-2011 की परीक्षा कराने के लिए 11 मंडल मुख्यालयों पर परीक्षा केंद्र तय कर लिए गए हैं।
टीजीटी-पीजीटी-2011 की परीक्षा के लगभग सात हजार पदों के लिए छह लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। चयन बोर्ड की बैठक में तय हुआ कि अभ्यर्थियों को परीक्षा से 21 दिन पहले प्रवेश पत्र मिलना शुरू हो जाएगा। परीक्षा से दो दिन पहले तक प्रवेश पत्र नहीं मिलने की स्थिति में परीक्षार्थी चयन बोर्ड की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।