बिजली कंपनियों में जल्द 5,937 बाबुओं की भर्ती की जाएगी। लिपिकीय संवर्ग के साथ-साथ लेखाधिकारी, निजी सचिव, कार्मिक और विधि संवर्ग में भी रिक्त पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के लिए जल्द ही पावर कॉर्पोरेशन निदेशक मंडल से प्रस्ताव पास कराकर शासन को भेजा जाएगा। अगस्त-सितंबर से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। दूसरी ओर परिचालकीय स्टॉफ व कर्मचारियों की संख्या में कमी होती जा रही है। इससे बिजली व्यवस्था बनाए रखने में बिजली कंपनियों को काफी परेशानी हो रही है। बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने के लिए परिचालकीय स्टॉफ के लगभग 22 हजार पदों पर भर्ती के साथ ही लिपिक व लेखा संवर्ग समेत अन्य पदों पर भी बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी की जा रही है।
लिपिकीय व लेखा कर्मचारियों की कमी से उपकेंद्रों से लेकर मुख्य अभियंता कार्यालय तक में कामकाज प्रभावित हो रहा है। पावर कॉर्पोरेशन ने सभी बिजली कंपनियों में कुल मिलाकर लिपिकीय संवर्ग के 5,937 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया है।
इसके अलावा कार्मिक संवर्ग के 27 तथा विधि संवर्ग के 23 पदों का सृजन का भी प्रस्ताव तैयार कराया गया है। इसके अलावा लेखाधिकारी संवर्ग के 1,465 और निजी संवर्ग के 45 पदों के सृजन का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।