ओलएक्स और क्विकर पर नौकरी का विज्ञापन देकर पांच हजार से ज्यादा लोगों से ठगी करने वाले आलमबाग निवासी अतुल गुप्ता और उसके साथी सूर्यकांत मिश्रा को एसटीएफ ने मंगलवार दोपहर हजरतगंज से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ का कहना है कि दोनों ने डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। पुलिस को दोनों के कई बैंक अकाउंट मिले हैं जिनकी छानबीन कराई जा रही है।
एएसपी डॉ. त्रिवेणी सिंह ने बताया कि अतुल और सूर्यकांत मूलरूप से हरदोई के बेनीगंज के हैं और यहां आलमबाग के साकेतपुरी में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने हजरतगंज के अशोक मार्ग स्थित मुरली भवन के सेकंड फ्लोर पर इंडिगो प्लेसमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फर्जी कंपनी का ऑफिस खोला था।
शातिरों ने अपनी कंपनी के नाम से एक वेबसाइट बनाई। इस वेबसाइट का विज्ञापन ओएलएक्स, क्विकर और इनडीड पर दिया जाता जिनमें मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी का ऑफर होता। विज्ञापन देखकर युवक कंपनी में संपर्क करते तो उन्हें हजरतगंज स्थित ऑफिस बुलाया जाता।
ऑफिस के रिसेप्शन और काउंसलर के तौर पर तीन लड़कियां भी रखी थीं। नौकरी के लिए आने वाले युवकों से आवेदन फार्म भराने के नाम पर 2000 से 10000 रुपये तक ऐंठ लेते थे। कई युवकों को फर्जी कॉल लेटर और फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर भी दिए गए।
स्काइप पर लेते थे इंटरव्यू
पीड़ितों ने बताया कि इंडिगो प्लेसमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के संचालक स्काइप पर इंटरव्यू लेते थे। जो इंटरव्यू की बताई गई तारीख में लखनऊ आने में असमर्थता जताते थे, उनके इंटरव्यू स्काइप पर लिए जाते थे।