यूपी के रायबरेली में कोकाकोला कंपनी में नौकरी दिलाने के फर्जीवाड़े का का मामला सामने आया है। फर्जी मल्टीनेशनल कंपनी बनाकर नौकरी दिलाने के नाम पर एक हजार बेरोजगारों के साथ ठगी किए जाने का मामला पकड़ में आया है।
मंगलवार को पुलिस ने अमर नगर स्थित एक मकान पर छापा मारकर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें तीन सहारनपुर और एक ठग रामपुर जिले का रहने वाला है।
रजिस्ट्रेशन के नाम पर प्रति बेरोजगार से 1560 रुपये वसूल रहे थे। मौके से रजिस्ट्रेशन फार्म, मोबाइल और सिम बरामद किए गए हैं। पुलिस पकड़े गए ठगों से पूछताछ कर रही है।
जिले के कोकाकोला कंपनी के एरिया मैनेजर भूपेंद्र पाल ने सदर पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोगों ने उनकी कंपनी के नाम से फर्जी कंपनी बना ली है। साथ ही बस स्टेशन स्थित अमर नगर में दफ्तर खोलकर उसमें बेरोजगारों की भर्ती की जा रही है।
मारा कार्यालय में छापा
सदर कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने फोर्स के साथ अमर नगर स्थित दफ्तर में छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस ने चार लोगों को दबोच लिया। कोतवाल के मुताबिक, अली मुर्तजा, फैजल, जावेद अली निवासी सहारनपुर और फैजान अली निवासी रामपुर को पकड़ा गया है। ये सभी फर्जी कंपनी बनाकर बेरोजगारों के साथ ठगी कर रहे थे।
प्रति बेरोजगार से 1560 रुपये वसूल रहे थे। छापे के दौरान दफ्तर से 60-70 रजिस्ट्रेशन फार्म, वोडाफोन कंपनी के भर्ती फार्म, 14 मोबाइल और 50 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में एक हजार बेरोजगारों के साथ ठगी किए जाने की बात सामने आई है। पकड़े गए ठगों से पूछताछ की जा रही है। कोकाकोला कंपनी के एरिया मैनेजर ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, रायबरेली के अलावा अमेठी, सहारनपुर, वाराणसी, रामपुर में बेरोजगारों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी की जा रही थी। यही नहीं बाकायदा ठगों ने भर्ती का विज्ञापन जारी किया था।
दफ्तर के बाहर पोस्टर भी लिखवाए थे। रुपये जमा करने के बाद भी बेरोजगारों को नौकरी नहीं मिली थी। पूछने पर उन्हें यही जवाब ठग देते थे कि जल्द नौकरी मिल जाएगी।