पौधरोपण के दौरान राज्यपाल रामनाईक व अन्य।
- फोटो : amar ujala
स्वतंत्रता दिवस पर लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग कराई जाएगी। वन विभाग ने खास एप विकसित किया है। विभाग ने 30 सितंबर तक प्रत्येक पौधरोपण स्थल का भौतिक सत्यापन करने का भी फैसला किया है। प्रदेश में 15 अगस्त को 9.66 करोड़ पौधे रोपे गए थे। इसमें 7 करोड़ पौधे अन्य विभागों व संस्थानों ने और 2.66 करोड़ पौधे वन विभाग ने लगवाए हैं।
विभाग पौधरोपण को खास एप के जरिए ऑनलाइन सत्यापन कराएगा। यह एप प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम (पीएमएस) से सीधे जुड़ा है। इस एप को कोई भी गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता है। जैसे ही इस एप के माध्यम से पौधरोपण स्थल का फोटो लिया जाएगा, अक्षांतर और देशांतर के साथ उसकी लोकेशन आ जाएगी। इस तरह से प्रत्येक स्थल की जियो टैगिंग हो जाएगी।
वन विभागाध्यक्ष एसके शर्मा ने बताया कि एप के जरिए शत-प्रतिशत पौधों की जियो टैगिंग कराई जाएगी। एक सप्ताह में यह काम पूरा कर लिया जाएगा। अब तक 50 प्रतिशत स्थलों की जियो टैगिंग हो चुकी है। टैगिंग के बाद भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए सभी डीएम के निर्देशन में अंतर्विभागीय अधिकारियों की टीम बनाई गई है। ये टीमें ब्लॉक व तहसीलवार रिपोर्ट देंगी। भौतिक सत्यापन का काम 30 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
बता दें कि 14 अगस्त तक वन विभाग करीब दो करोड़ पौधे रोप चुका था, जिसकी शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराई जा चुकी है। जियो टैगिंग होने से पौधों की सुरक्षा भी कारगर ढंग से हो सकेगी। क्योंकि, ठीक से उनकी देखभाल न होने पर पौधे नष्ट होने की स्थिति में उसकी पूरी रिपोर्ट ऑनलाइन देखी जा सकेगी। इसलिए लगाए गए पौधों की निगरानी के लिए जियो टैगिंग जरूरी की गई है।