लखनऊ। काकोरी के मौंदा गांव में रविवार देर रात चोरों ने एक मकान से सात लाख रुपये से अधिक के जेवर और चार हजार रुपये पार कर दिए। इसके बाद दूसरे घर में घुसने की कोशिश की लेकिन परिजनों के जागने पर भाग निकले। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक, गांव निवासी बृजेश पाल गुडंबा के कुर्सी रोड स्थित देसी शराब की दुकान के पास कैंटीन चलाते हैं। दूरी अधिक होने के कारण वह अक्सर वहीं रुक जाते हैं। रविवार रात उनकी पत्नी लज्जावती, बेटा सचित और बेटी साक्षी घर के एक कमरे में सो रहे थे। चोर दूसरे कमरे में रखे बक्से से जेवर और नकदी लेकर भाग गए। इसके बाद किसान राजन भारती के घर में घुसने लगे। आहट से परिजनों की नींद खुली तो वे भाग गए। एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।