लखनऊ। गोमतीनगर और चिनहट में विवाहिता समेत दो लोगों ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। विवाहिता के भाई ने उसके पति और ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।
सैरपुर के नहरपुर निवासी विवेक ने बताया कि उन्होंने 21 वर्षीय बहन की शादी तीन साल पहले गोमतीनगर निवासी वेल्डिंग कारीगर से की थी। उनकी छह माह की बेटी भी है। रविवार देर शाम बहन ने फोन कर बताया कि पति उससे झगड़ा और प्रताड़ित करता है। इस पर वह परिवार के साथ बहन के घर के लिए निकले। रास्ते में ही बहनोई ने फोन कर बहन के फंदा लगाने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि उसने दुपट्टे से पंख के सहारे फंदा लगा लिया था। विवेक का आरोप है कि भैया दूज पर मायके जाने की बात कहने पर भी बहन को प्रताड़ित किया गया था। एसीपी गोमतीनगर रत्नेश सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, बाराबंकी के राममांडई गांव निवासी शिवम पांडेय (25) चिनहट के मटियारी में रहकर एक होटल में रिसेप्शनिस्ट थे। सोमवार सुबह गांव से लौटे उनके साथ रहने वाले अर्पित ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो शिवम का शव छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।