लखनऊ। शहर में चोरों ने लोगों के मकानों और एक मैरिज लॉन को निशाना बनाया है। बिजनौर, सुशांत गोल्फ सिटी और कृष्णानगर इलाकों में लाखों के जेवर और सामान चोरी हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बिजनौर के न्यू गुड़ौरा निवासी नागेश शर्मा के मुताबिक उनके घर से 6 मई को 18 हजार रुपये और लाखों के आभूषण चोरी हुए। वह परिवार के साथ शादी में गए थे और लौटने पर ताले टूटे मिले। इंस्पेक्टर कपिल गौतम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। सुशांत गोल्फ सिटी के राजाखेड़ा निवासी राहुल के घर से शनिवार रात दस हजार रुपये और जेवर चुराए गए। चोरों ने पिछली दीवार तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बंथरा के पिपरसंड निवासी राम खेलावन कृष्णानगर के अमर प्रीत लॉन में सुरक्षा गार्ड हैं। शुक्रवार को लॉन से आठ नई कुर्सियां चोरी हो गईं। खोजबीन के दौरान उन्होंने एक महिला को कूड़ा बीनते देखा, जिसके बोरे में कुर्सियां थीं। राम ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।