लखनऊ। कैंट के निलमथा में चोर निजी कंपनी के कर्मचारी शरद पांडेय के घर से 20 लाख रुपये के जेवर ले गए। बदमाश पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दिखे हैं। पीड़ित ने कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
मूल रूप से रायबरेली में निहस्था गांव निवासी शरद निलमथा की दुर्गापुरी कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को पिता की मृत्यु हो गई थी। वह परिवार के साथ उनके अंतिम संस्कार के लिए गांव गए थे। 23 दिसंबर की सुबह करीब 11.30 बजे लौटे तो मेनगेट व कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारियों के लॉकर से 30 हजार रुपये और करीब 20 लाख के जेवर गायब थे।
शरद ने पड़ोसी के घर में लगे कैमरों की फुटेज देखी तो पता चला कि चोर 22 की दोपहर करीब 1:35 बजे उनके घर में दाखिल हुए और माल समेटकर आधे घंटे बाद निकल गए। पीड़ित ने तोपखाना चौकी में सूचना दी। पुलिस ने जांच की। पिता के क्रियाकर्म के बाद पीड़ित ने कैंट थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी गुरप्रीत कौर के मुताबिक चोरों की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।