फर्स्ट एसी के केबिन से ढाई लाख के गहने और 25 हजार नकदी चोरी
लखनऊ। ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही महिला के केबिन से ढाई लाख के गहने और 25 हजार नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला ने चार बार चेन पुलिंग करने के बाद भी रेलवे पुलिस से मदद नहीं मिलने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
महिला आनंद विहार टर्मिनल-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस (15726) में सफर कर रही थी। वीडियो में वह रोते हुए कह रही है कि जब फर्स्ट एसी का केबिन भी सुरक्षित नहीं है तो महिलाएं आखिर कहां सुरक्षित हैं। आरोप है कि चेन पुलिंग के बावजूद कोई पुलिसकर्मी या टीटीई मदद के लिए नहीं पहुंचा। केबिन से ढाई लाख रुपये के गहने और 25 हजार रुपये नकद चोरी हुई है।
सपा प्रमुख ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वीडियो साझा कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि भाजपा ही अराजकता है। नारी के आंसू भाजपा की सत्ता को बहा ले जाएंगे।