निगोहां। निगोहां के कांटा गांव निवासी सैन्य कर्मी अनुराग शुक्ल के घर से मंगलवार रात चोरों ने 25 लाख रुपये के जेवर व नकदी पार कर दी। पड़ोस में रहने वाले उनके चाचा के घर में कुंडी काटकर चोरी की कोशिश की।
अनुराग के पिता अवधेश के अनुसार बेटा राजस्थान के जैसलमेर में तैनात है। बहू मायके गई थी। मंगलवार रात करीब एक बजे छत से सीढ़ियों के सहारे चोर, मकान में घुस आए। दरवाजों की कुंडी काटकर कमरे में अलमारी के लॉकर व बक्सों के तालों को तोड़ दिया। बहू सहित पत्नी के लगभग 25 लाख के जेवर व 20 हजार की नकदी उठा ले गए।
चोरों ने पड़ोस में रह रहे छोटे भाई सर्वेश शुक्ल के घर में कुंडी काटकर चोरी की कोशिश की। आहट पाकर सर्वेश व पत्नी जग गईं। सर्वेश ने बताया कि करीब चार चोर थे। करीब 100 मीटर तक चोरों का पीछा भी किया, लेकिन वह भाग गए। थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
महाकुंभ में गए बैंककर्मी के मकान में चोरी
मड़ियांव इलाके के आईआईएम रोड बालाजी एन्क्लेव निवासी बैंककर्मी नितिन गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर 15 हजार की नकदी समेत लाखों के जेवर चुरा ले गए। पीड़ित ने घर में काम करने वाली महिला नीलम पर चोरी करने की आशंका जता केस दर्ज कराया है। बताया कि 27 जनवरी को परिवार के सदस्य महाकुंभ में स्नान करने गए थे। वह बैंक चले गए। (संवाद)